वाराणसी में फ्लैट में लगी भीषण आग, शादी का सामान समेत लाखों की गृहस्थी राख

वाराणसी में फ्लैट में लगी भीषण आग, शादी का सामान समेत लाखों की गृहस्थी राख

जैतपुरा क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी फेज-1 की घटना, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

वाराणसी (रणभेरी): जैतपुरा थाना क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी फेज-1 में बुधवार सुबह एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

मकान मालिक के मुताबिक आग से करीब चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान शादी के सामान का हुआ, क्योंकि परिवार की बेटी की शादी नवंबर में प्रस्तावित है और शादी की तैयारियों से जुड़ा काफी सामान घर में रखा था।

वाराणसी में फ्लैट में लगी भीषण आग, शादी का सामान समेत लाखों की गृहस्थी राख

सुबह सभी लोग अपने-अपने काम पर निकल गए थे

फ्लैट मालिक राजकिशोर सिंह ने बताया कि उनका मूल निवास चोलापुर क्षेत्र के दानगंज में है। अशोक विहार कॉलोनी में उनका खुद का फ्लैट है। परिवार के लोग फ्लैट की ऊपरी मंजिलों पर रहते हैं, जबकि नीचे की मंजिल पर दूसरे लोग रहते हैं।

उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे तक परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम के लिए निकल चुके थे। पत्नी बीएलओ की ड्यूटी पर चली गई थीं। बेटी नैना अपनी बुटीक की दुकान पर गई थी, जबकि बेटा अभिषेक सिंह फिजियोथैरेपी का कोर्स करने के लिए संस्थान गया हुआ था।

घर बंद था, इसी दौरान करीब 11 बजे पड़ोसियों ने फ्लैट की खिड़कियों से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पड़ोसियों ने दी परिवार और पुलिस को सूचना

आग की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत राजकिशोर सिंह को फोन कर घटना की सूचना दी। साथ ही दमकल विभाग और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई।

सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझ जाने से आग को पूरे भवन में फैलने से रोक लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

वाराणसी में फ्लैट में लगी भीषण आग, शादी का सामान समेत लाखों की गृहस्थी राख

घरेलू सामान और शादी की तैयारियां हुईं बर्बाद

आग इतनी तेज थी कि घर में रखा एसी, टीवी, फ्रिज, पंखे, फर्नीचर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। परिवार के अनुसार बेटी की नवंबर में होने वाली शादी के लिए खरीदा गया सामान भी आग में नष्ट हो गया।

राजकिशोर सिंह ने बताया कि आग से घर की पूरी गृहस्थी प्रभावित हुई है और नुकसान का आंकलन चार लाख रुपये से अधिक का है।

दमकल पहुंचने में देरी का आरोप

मकान मालिक की बेटी नैना ने आरोप लगाया कि यदि दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उनका कहना है कि आग बुझाने में देरी होने के कारण घर का अधिकतर सामान जल गया। वहीं अग्निशमन विभाग ने प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *