वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक कपड़ा गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित एक कोल्डड्रिंक गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग संभल भी नहीं पाए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गोदाम में आग लगने के समय करीब 15 लोग अंदर मौजूद थे, जो फंस गए थे। स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
गोदाम के मालिक रूप चंद्र कटरा बताए जा रहे हैं। वहीं, व्यापारी त्रिभुवन प्रसाद केसरी ने बताया कि जब उन्हें आग लगने की सूचना मिली और उन्होंने गोदाम का शटर खोला, तो अंदर घना धुआं और तेज लपटें दिखाई दीं। उनके मुताबिक, इस हादसे में करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद दमकल टीम के पहुंचने में देरी हुई, जिसके चलते आग और फैल गई तथा नुकसान बढ़ गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को इस हादसे की वजह माना जा रहा है।
