स्कूल जा रही इंटर की छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण: यूपी कॉलेज गेट के पास ऑटो में खींच ले गए, 12 घंटे बाद दर्ज हुई FIR

स्कूल जा रही इंटर की छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण: यूपी कॉलेज गेट के पास ऑटो में खींच ले गए, 12 घंटे बाद दर्ज हुई FIR

वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूल जा रही 17 वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि यूपी कॉलेज गेट के पास ऑटो से पहुंचे तीन युवकों ने छात्रा को जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के दौरान छात्रा ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने उसे धक्का देकर ऑटो में खींच लिया और फरार हो गए। घटना के समय छात्रा अपनी ममेरी बहन के साथ स्कूल जा रही थी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बजाय उन्हें घंटों इधर-उधर भटकाया। उनका यह भी कहना है कि शुरुआती तहरीर में लिखी गई बातों में बदलाव कराकर मामला “बहला-फुसलाकर ले जाने” का दर्ज कराया गया। देर शाम करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने केस दर्ज किया, लेकिन देर रात तक छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका था।

स्कूल के रास्ते में हुई वारदात

चुपेपुर निवासी लखी सोनकर के अनुसार उनकी 17 वर्षीय बेटी शर्मिष्ठा सोनकर रानी मुरारका इंटर कॉलेज की छात्रा है। वह अपनी ममेरी बहन तनु सोनकर के साथ रोज की तरह गुरुवार सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी। दोनों यूपी कॉलेज परिसर स्थित अपने विद्यालय पहुंचने ही वाली थीं कि कॉलेज गेट के पास पहले से मौजूद ऑटो में सवार युवक वहां आ गए।

परिजनों के मुताबिक मुख्य आरोपी अनिकेत सोनकर अपने दो साथियों के साथ आया और छात्रा को रोक लिया। आरोप है कि उसने जबरन छात्रा को ऑटो में बैठाने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध किया तो उसके और आरोपियों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान दो अन्य युवक भी ऑटो से उतर आए और तीनों ने मिलकर छात्रा को धक्का देकर वाहन में बैठाया और मौके से फरार हो गए।

ममेरी बहन ने परिजनों को दी जानकारी

घटना के बाद छात्रा की ममेरी बहन तनु किसी तरह स्कूल पहुंची और क्लास टीचर के मोबाइल से परिवार को पूरी घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे और फिर पुलिस चौकी तथा शिवपुर थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

हाईस्कूल में टॉपर रही है छात्रा

परिजनों ने बताया कि शर्मिष्ठा पढ़ाई में बेहद मेधावी है। उसने हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल किए थे, जिसके बाद परिवार ने उसे आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। इस वर्ष उसने इंटरमीडिएट में प्रवेश लिया था और नियमित रूप से स्कूल जाती थी।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सुबह घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया। उनका कहना है कि पहले दी गई तहरीर में अपहरण का उल्लेख था, लेकिन बाद में उसमें बदलाव कराकर अलग शब्द लिखवाए गए। परिजनों का आरोप है कि कार्रवाई में देरी के कारण आरोपियों को भागने का पर्याप्त समय मिल गया।

पुलिस कर रही तलाश

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और छात्रा की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। संदिग्ध युवकों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। देर रात तक छात्रा का पता नहीं चल पाया था और मामले की जांच जारी थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *