वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती ने निजी फोटो और वीडियो वायरल किए जाने तथा तय शादी टूटने से आहत होकर एसिड पी लिया। गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने युवती के भाई की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की शादी करीब पांच महीने पहले भदोही निवासी युवक से तय हुई थी। परिवार अगले महीने अगस्त के पहले सप्ताह में होने वाली शादी की तैयारियों में जुटा था। इसी बीच एक युवक ने कथित रूप से युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दिए। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ते बिगड़ गए और शादी टूट गई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव का रहने वाला गोपी उर्फ कारू है। उनका कहना है कि युवती और आरोपी के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन शादी तय होने के बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर युवक लगातार उसे परेशान करने लगा।

शादी तुड़वाने के लिए मंगेतर पर बनाया दबाव
मृतका के बड़े भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी ने न केवल युवती के निजी फोटो और वीडियो उसके मंगेतर को भेजे, बल्कि फोन कर खुद को उसका प्रेमी भी बताया। उसने मंगेतर पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया और धमकी दी कि यदि रिश्ता नहीं टूटा तो वह आपत्तिजनक सामग्री अन्य रिश्तेदारों और परिचितों को भी भेज देगा। परिजनों का कहना है कि इस घटनाक्रम के बाद युवती गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी। शादी टूटने से वह पूरी तरह टूट गई थी और लगातार परेशान रहती थी।
आरोपी से लगाई थी गुहार, नहीं माना
परिवार के मुताबिक, युवती ने आरोपी से कई बार फोन पर संपर्क कर निजी फोटो और वीडियो किसी को न भेजने तथा उन्हें डिलीट करने की विनती की थी। वह रो-रोकर उससे ऐसा न करने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी। उल्टा वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा, जिससे युवती मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।
घर में रखा एसिड पी लिया
रविवार शाम करीब पांच बजे युवती ने घर के बाथरूम में रखा एसिड पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने लगा। परिवार के लोग तुरंत उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि सोमवार सुबह करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया। युवती अपने तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटी की मौत के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रेम संबंध होने की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी युवक मृतका के एक रिश्तेदार के पड़ोस में रहता था। दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन युवती की शादी तय होने के बाद उसने उससे दूरी बना ली थी। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से निजी फोटो और वीडियो साझा कर शादी तुड़वाने की कोशिश की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि युवती के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि निजी फोटो और वीडियो किन-किन लोगों को भेजे गए और पूरे घटनाक्रम में आरोपी की क्या भूमिका रही।
