वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। भदऊ चुंगी के पास सड़क पार कर रहे बच्चे को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया। हादसे में वाहन का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर हंगामा किया। आदमपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को सड़क से हटाने के दौरान मृतक के पिता और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई, हालांकि बाद में पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि संबंधित हाईवा रेलवे से जुड़े आरवीएनएल (RVNL) के पुल निर्माण कार्य में लगा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान भदऊ चुंगी निवासी गोलू विश्वकर्मा और रिंकी विश्वकर्मा के पांच वर्षीय बेटे धनराज उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। दंपति चाकू-छुरी तेज करने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और सड़क किनारे एक पुराने मकान में रहते हैं।
शुक्रवार रात कल्लू घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक सड़क पार करने लगा। उसी समय चौकाघाट से राजघाट पुल की ओर जा रहा तेज रफ्तार हाईवा उसकी चपेट में आ गया। वाहन का पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
