किराया जमा करने में हीलाहवाली करने वालों पर नगर निगम ने कसा शिकंजा
वाराणसी (रणभेरी): पूर्वाचल की प्रसिद्ध खाद्य और गल्ला मंडी विशेश्वरगंज की पांच दुकानें मंगलवार को सील किए जाने पर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। किराये जमा करने में हीलाहवाली करने पर नगर निगम ने जहां अब यह सख्त कार्रवाई की, वहीं समय से किराया न जमा करने वालों का आवंटन निरस्त करने की चेतावनी दी है।
नगर निगम की टीम राजस्व वसूली को लेकर मंगलवार को विशेश्वरगंज पहुंचा। जहां अभियान चलाया और गृहकर तथा जलकर की वसूली के अलावा दुकानों के बकाया किराए नहीं जमा किए जाने पर निगम मंगलवार को विशेश्वरगंज स्थित पांच दुकानों को सील किए जाने के पूर्व ऐसे 600 दुकानदारों को पिछले दिनों नोटिस भी दी थी। इसके बाद भी कुछ दुकानदार द्वारा किराये जमा करने में हीलाहवाली किया जा रहा था।
इसको लेकर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि सभी दुकानदारों को समय से किराया जमा करने के लिए कई बार नोटिस दिया जा चुका है। इसके बाद भी कुछ दुकानदार हीलाहवाली कर रहे हैं। इसे देखते हुए अब सख्ती का निर्णय लिया गया है। इसी कड़ी में नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की। मंड़ी के दुकान नंबर 4 व 5, 222 व 23 और दुकान नंबर 113 (अ) के विरुद्ध यह सख्त कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि इन दुकानों पर 35 लाख रुपये से अधिक किराया बकाया चल रहा है।
