वाराणसी (रणभेरी): बाबतपुर चौराहे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। वाराणसी-जौनपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज गति से आ रहे कंटेनर ने बुलेट बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक कंटेनर के नीचे फंस गई और युवक कई मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कंटेनर को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
दवा लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरारघुनाथपुर निवासी 24 वर्षीय अस्मित पटेल उर्फ गोलू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हरहुआ से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जब वह बाबतपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने उनकी बुलेट बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर घिसटता चला गया युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक कंटेनर के नीचे फंस गई। अस्मित कई मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा, जांच शुरू
बताया जा रहा है कि दुर्घटना बाबतपुर पुलिस चौकी से बेहद कम दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कंटेनर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्नातक का छात्र था अस्मित
परिजनों के अनुसार अस्मित पटेल बड़ागांव स्थित बलदेव पीजी कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। वह पिता जयप्रकाश पटेल के दो बेटों में बड़े थे। पढ़ाई के साथ-साथ वह परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करते थे। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
अस्मित के पिता जयप्रकाश पटेल राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे ‘आस्था ढाबा’ का संचालन करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। पोते का शव देखते ही दादा राजदेव पटेल की आंखों से आंसू छलक पड़े। परिवार के अन्य सदस्य भी बदहवास हो गए। घटनास्थल का माहौल बेहद भावुक हो गया।
लोगों ने उठाई सड़क सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। उनका कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए सख्त यातायात व्यवस्था और निगरानी की जरूरत है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
