मिर्जापुर में हेलीकॉप्टर से अपने ससुराल पहुंची दुल्हन, देखने उमड़े सैकड़ों लोग

(रणभेरी): मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के खम्हरिया कला गांव में मंगलवार को दुल्हन हेलिकॉप्टर से अपने ससुराल पहुंची तो देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इंजीनियर रोहित दुबे अपनी नवविवाहिता प्रिया तिवारी के साथ हेलीकॉप्टर से ससुराल गए। हेलीकॉप्टर सुबह साढ़े आठ बजे खम्हरिया कला गांव में लैंड किया। विदाई की रस्में पूरी होने के बाद नौ बजे दंपती ने उड़ान भरी। वे बीस मिनट में ही पड़री थाना के अक्सौली गांव पहुंच गए।
पड़री के अकसौली गांव निवासी रोहित दूबे की शादी लालगंज के उसरी खमरिया गांव निवासी प्रिया तिवारी से हुई है। सोमवार की रात धूमधाम से शादी होने के बाद मंगलवार को विदाई हुई। विदाई के बाद दुल्हन को हेलिकॉप्टर से ससुराल लाया गया।
लखनऊ से आए हेलिकॉप्टर से दुल्हन ससुराल पहुंची तो देखने के लिए गांव के लोग भी पहुंचे। दूल्हे रोहित दूबे ने बताया कि हमारी प्रारंभिक पढ़ाई मिर्जापुर जिले से हुई है। उच्च शिक्षा नोएडा से पूरा हुआ। बताया कि उसके दादा-दादी का मन था कि हेलिकॉप्टर से उनकी बहू ससुराल आए। उनकी प्रेरणा से यह हुआ है।
कहा कि हमे बहुत अच्छा लग रहा है, दादी की इच्छा पूरी करके खुशी मिली। दुल्हन प्रिया ने बताया कि हमने कभी सोचा नहीं था कि हेलिकॉप्टर से ससुराल आएंगे। यह पल हमेशा के लिए यादगार बन गया। पिता अनिल दूबे ने कहा कि परिवार के साथ ही बेटे की इच्छा थी कि विदाई हेलिकॉप्टर से कराई जाए। उनकी इच्छा पूरी हुई।