(रणभेरी): महाराष्ट्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक हादसा मुंबई के दादर इलाके में सोमवार सुबह हुआ, जबकि दूसरा घटना ठाणे जिले में सामने आया, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कुछ घायल हो गए।
दादर में BEST बस की टक्कर, युवक की मौत
मुंबई के दादर स्थित प्लाजा सिनेमा के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक तेज रफ्तार BEST बस ने नियंत्रण खोते हुए सड़क पर चल रही तीन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ जब मोड़ पर ट्रैफिक पहले से धीमा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रही बस इतनी तेज गति में थी कि चालक उसे संभाल नहीं सका और सामने मौजूद वाहनों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों के पुर्जे चारों ओर बिखर गए।
इस दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में बस का कंडक्टर भी शामिल बताया गया है। सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फंसे हुए घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

ठाणे में भीषण भिड़ंत, 11 की मौत
दूसरी दर्दनाक घटना ठाणे जिले में 13 अप्रैल को घटी, जहां एक वैन और सीमेंट मिक्सर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई। हादसा सुबह लगभग 10:45 बजे मुरबाड क्षेत्र के गोविली गांव के पास रैता ब्रिज पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, कल्याण से मुरबाड की ओर जा रही वैन विपरीत दिशा से आ रहे भारी सीमेंट मिक्सर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार 9 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय अंतिम सांस ली।

इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। अब तक 6 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि बाकी की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन सतर्क, जांच जारी
दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। लगातार हो रहे ऐसे सड़क हादसों ने यातायात नियमों के पालन और भारी वाहनों की गति नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
