डोमरी में 48 घंटे से बिजली गुल, ग्रामीणों का प्रदर्शन

डोमरी में 48 घंटे से बिजली गुल, ग्रामीणों का प्रदर्शन

लगातार बिजली संकट से आम जनजीवन और व्यापार दोनों प्रभावित

वाराणसी (रणभेरी): भीषण गर्मी के बीच जिले की बिजली व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई है। सबसे गंभीर स्थिति रामनगर क्षेत्र के डोमरी गांव की है, जहां पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण करीब 1500 की आबादी वाले इस गांव के लगभग 250 घर अंधेरे में डूबे हैं। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

रामनगर क्षेत्र स्थित डोमरी गांव में सोमवार सुबह बंधा रोड का ट्रांसफार्मर अचानक जल गया था। इसके बाद बिजली विभाग ने दो बार मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन दोनों बार आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासी रवि मिश्रा ने बताया कि कई घरों में लोग निजी जनरेटर के सहारे किसी तरह काम चला रहे हैं, जबकि अधिकांश परिवार भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं। बुधवार शाम नाराज ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर स्थल पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल बिजली बहाली की मांग की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *