शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी, थाली बजाकर जताया विरोध
वाराणसी (रणभेरी): महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गुरुवार को छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। चंद्रशेखर आजाद की जयंती के अवसर पर जुटे छात्र पहले छात्रसंघ भवन पहुंचे, जहां भवन पर ताला बंद होने से उनमें नाराजगी फैल गई। विरोध जताते हुए छात्रों ने ताला तोड़ दिया और परिसर में स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद छात्रों ने परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था और हाल के घटनाक्रमों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई। छात्रों ने थाली बजाकर विरोध दर्ज कराया और कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेताओं का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मामलों में लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप था कि राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई दिनों से छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय उनके साथ सख्ती की जा रही है।
छात्र नेता विश्वनाथ कुंवर ने कहा कि छात्र केवल अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि बाद में छात्रों ने चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि देने के बाद अपना विरोध जारी रखा। पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
