वाराणसी (रणभेरी): धार्मिक नगरी काशी में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने जल पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इस नई योजना के तहत घाटों की निगरानी से लेकर पुलिस की वेशभूषा और तकनीकी संसाधनों तक में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
नई वर्दी में नजर आएगी जल पुलिस
अधिकारियों के अनुसार अब जल पुलिस की पहचान भी बदली हुई नजर आएगी। नई यूनिफॉर्म के तहत जवानों को पीले रंग की शर्ट और नेवी ब्लू रंग की पैंट पहनाई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि यह नई वर्दी न केवल उन्हें भीड़ में अलग पहचान देगी बल्कि राहत और बचाव कार्यों के दौरान उनकी दृश्यता भी बेहतर बनाएगी।
एडीसीपी वैभव बांगर ने जानकारी देते हुए बताया कि बदलते हालात और बढ़ती भीड़ को देखते हुए जल पुलिस को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक संसाधनों से लैस किया जा रहा है।
अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था की तैयारी
घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसमें करीब 20 से 25 कैमरों का नेटवर्क जोड़ा जाएगा। इन कैमरों के जरिए प्रमुख घाटों की लगातार निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी। इसके साथ ही पूरे सिस्टम को सीसीटीवी सर्विलांस से जोड़ा जाएगा ताकि गंगा किनारे होने वाली हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
सुरक्षा उपकरणों से लैस होंगे जवान
नई व्यवस्था के तहत जल पुलिसकर्मियों को विशेष सुरक्षा किट भी दी जाएगी। इस किट में लाइफ जैकेट, लाउडहेलर, कैप और सनग्लासेस जैसे उपकरण शामिल होंगे। प्रशासन का कहना है कि ये उपकरण न केवल ड्यूटी को आसान बनाएंगे बल्कि आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई में भी मदद करेंगे।
गंगा आरती के दौरान जागरूकता अभियान
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। गंगा आरती के समय लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को लगातार सुरक्षा निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख घाटों पर वीडियो प्रोजेक्टर की मदद से “क्या करें और क्या न करें” जैसे संदेशों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को नियमों की जानकारी आसानी से मिल सके।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष अब तक 33 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 70 से अधिक नावों को जब्त किया गया है।
हालांकि पुलिस पहले लोगों को जागरूक करने और समझाने पर जोर देती है, लेकिन बार-बार नियम तोड़ने या अराजकता फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
लगातार बढ़ रही सुरक्षा सख्ती
वाराणसी पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में घाटों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक सुरक्षित वातावरण में काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक भव्यता का अनुभव कर सकें।
