वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान आंशू राजभर के रूप में हुई है, जो बीएससी का छात्र था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंशू शनिवार को बाइक से शिवपुर सब्जी मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कबिरामपुर गांव मोड़ के पास बड़ागांव की दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उक्त बोलेरो वाहन पहले भी एक अन्य बाइक सवार को टक्कर मार चुका था और तेज गति से भाग रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

आंशू अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसके पिता दीपक राजभर सीमित कृषि भूमि के सहारे परिवार का भरण-पोषण करते हैं और अतिरिक्त आय के लिए टेलरिंग का काम भी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। छोटे भाई आदित्य इंटरमीडिएट का छात्र है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां रेशमा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
