(रणभेरी): मुंबई में दर्ज एक आर्थिक लेनदेन से जुड़े मामले की जांच करते हुए महाराष्ट्र पुलिस की टीम गुरुवार रात जौनपुर जिले पहुंची। जांच के दौरान तकनीकी माध्यम से मिले लोकेशन के आधार पर टीम सिकरारा थाना क्षेत्र के रीठी गांव में संदिग्ध के घर तक पहुंची।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी सादी वर्दी में रात के समय जब घर में दाखिल हुए तो ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके। संदेह होने पर लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें चोर समझ लिया और घेरकर हाथापाई शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरारा थाना प्रभारी यूपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करते हुए महाराष्ट्र पुलिस के जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गए। एहतियात के तौर पर सर्किल के अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर तैनात रही, जिससे हालात पर जल्द काबू पा लिया गया।
