वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (UP College) परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीएससी के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने ताबड़तोड़ 8 गोलियां चलाईं, जिनमें चार गोलियां छात्र के सीने में और चार कनपटी में लगीं। गंभीर रूप से घायल छात्र को BHU Trauma Centre ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
https://www.instagram.com/reel/DWGNfbOEpJu/?igsh=MTBlcjk1c2ZuNjU5Zg==
मृतक छात्र की पहचान 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो गाजीपुर का रहने वाला था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी छात्र मंजीत (BA second year) ने कॉलेज परिसर में घुसकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही सूर्य प्रताप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी पिस्टल कूड़े के ढेर में फेंककर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इधर छात्र की मौत की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर में आक्रोश फैल गया। नाराज छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और परिसर में तोड़फोड़ की। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल के सामने ही फायरिंग की गई। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है और पूरे कैंपस को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी छात्र की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
