सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना “चांद देख लेना” रिलीज, ईद से पहले फैंस को मिला खास तोहफा

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ का नया गाना “चांद देख लेना” रिलीज, ईद से पहले फैंस को मिला खास तोहफा

(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने ईद से पहले अपने प्रशंसकों को एक खास तोहफा दिया है। बुधवार को उनकी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ से जुड़ा नया गाना “चांद देख लेना” रिलीज किया गया, जिसमें सलमान खान और चित्रांगदा सिंह नजर आ रहे हैं। यह गाना अपनी भावनात्मक थीम और सादगी भरे प्रस्तुतीकरण के कारण दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

गाने का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि इसे निहाल टौरो और अंकोना मुखर्जी ने अपनी आवाज दी है। यह गीत पुराने दौर के सच्चे प्रेम की झलक पेश करता है और एक सैनिक के जीवन में ड्यूटी और निजी रिश्तों के बीच चलने वाली भावनात्मक उथल-पुथल को बेहद प्रभावशाली तरीके से दर्शाता है।

“चांद देख लेना” में चांद को एक प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया गया है, जो भावनाओं और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। यह गाना ईद और करवा चौथ जैसे अवसरों पर चांद के महत्व को भी खूबसूरती से सामने लाता है। जहां ईद का चांद खुशी और मिलन का प्रतीक माना जाता है, वहीं करवा चौथ पर यह प्रेम, इंतजार और विश्वास का प्रतीक बनकर उभरता है। फिल्म का यह गीत इन दोनों भावनाओं को एक साथ जोड़ते हुए उम्मीद और रिश्तों की गहराई को दर्शाता है।

गौरतलब है कि फिल्म ‘मातृभूमि’ का टाइटल ट्रैक पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है और यूट्यूब पर इसे 50 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। इसके अलावा, वेलेंटाइन डे के मौके पर फिल्म का एक और गीत “मैं हूं” भी रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों ने सराहा था।

जानकारी के अनुसार, इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह बदलाव फिल्म की कहानी के भावनात्मक पहलू और युद्ध के बीच इंसानियत के संदेश को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से किया गया है। फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है, जबकि इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *