दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: 9 की मौत, तीन बच्चे भी शामिल

दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: 9 की मौत, तीन बच्चे भी शामिल

(रणभेरी): दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। साध नगर स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रह रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। धुएं के घने गुबार ने लोगों को अंदर ही फंसा दिया।

दुकान से उठीं लपटें, पूरी इमारत बनी आग का गोला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कॉस्मेटिक और कपड़ों के गोदाम तथा दुकानें थीं, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहते थे। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्राउंड फ्लोर पर शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड: 9 की मौत, तीन बच्चे भी शामिल

जान बचाने के लिए लगाई छलांग

आग और धुएं से घिरे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के प्रयास में दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान कई घंटों तक चला और अब भी राहत कार्य जारी है। मलबे से अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं।

रेस्क्यू में आई बाधाएं, स्थानीय लोगों का आरोप

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर देर से पहुंचीं। साथ ही, हाइड्रोलिक मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण बचाव कार्य प्रभावित हुआ। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग राहत कार्य में जुटे हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके। इस हादसे के बाद पूरे साध नगर इलाके में शोक का माहौल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *