शाहरुख बोले- अब उम्र के हिसाब से निभाना चाहता हूं किरदार, 61 साल का हूं और उतना ही कूल हूं जितना एक उम्रदराज शख्स हो सकता है

शाहरुख बोले- अब उम्र के हिसाब से निभाना चाहता हूं किरदार, 61 साल का हूं और उतना ही कूल हूं जितना एक उम्रदराज शख्स हो सकता है

‘किंग’ के गाने ‘डैडी कूल’ के लॉन्च पर बोले अभिनेता- फिल्मों में आने के समय खुद को नहीं मानता था गुड लुकिंग; कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ रोमांटिक सीन करने में होने लगी है असहजता

(रणभेरी)। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। शुक्रवार को मुंबई में फिल्म के गाने ‘डैडी कूल’ के लॉन्च इवेंट में शाहरुख ने अपने फिल्मी सफर, हीरो बनने के सपने और उम्र के साथ बदलती सोच पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी उम्र के मुताबिक किरदार निभाना चाहते हैं। कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ रोमांटिक सीन करते हुए भी उन्हें असहजता महसूस होने लगी है।

शाहरुख ने बताया कि फिल्म ‘किंग’ करने के पीछे उनकी दो प्रमुख वजहें हैं। पहली वजह यह है कि वह हमेशा से हीरो बनना चाहते थे। उन्होंने कहा, “जब मैं फिल्मों में आया था, तब मुझे लगता था कि मैं गुड लुकिंग नहीं हूं। जब मुझे हीरो बनने का मौका मिला, तो मैंने इसे बहुत पर्सनली लिया। मैंने सोचा कि जब मुझ जैसा आम दिखने वाला इंसान हीरो बन सकता है, तो मुझे हमेशा हीरो की तरह हीरो बने रहना चाहिए।”

रोमांटिक डायलॉग के बाद पूछ लिया मैथ का होमवर्क

कार्यक्रम के दौरान शाहरुख ने अपनी एक फिल्म की शूटिंग से जुड़ा मजेदार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक फिल्म में अपनी को-स्टार के साथ रोमांटिक सीन करते हुए उन्हें उम्र के अंतर का एहसास हुआ।

शाहरुख के मुताबिक, वह अभिनेत्री के सामने खड़े होकर रोमांटिक डायलॉग बोल रहे थे। उन्होंने कहा, “मैं तुमसे प्यार करता हूं, तुम्हारी आंखों में खो जाना चाहता हूं, मैंने सारी दुनिया देख ली है। लेकिन एक बात और, क्या तुमने कल सुबह का मैथ का होमवर्क किया, बेटी?”

अभिनेता ने कहा कि को-स्टार के साथ उम्र का अंतर इतना ज्यादा था कि उन्हें महसूस हुआ कि अब उन्हें अपनी उम्र के हिसाब से ही किरदार निभाने चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं अब 61 साल का हूं और उतना ही कूल हूं, जितना एक 61 साल का आदमी हो सकता है।”

बेटी सुहाना के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेंगे

शाहरुख ने यह भी कहा कि आज भी उनके बैठने, खड़े होने या डायलॉग बोलने का अंदाज दर्शकों के लिए प्रासंगिक है। फिल्म में बेटी सुहाना खान के साथ काम करने को लेकर उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि दुनिया की सभी लड़कियां उनकी बेटी को देखकर कहें कि उनके पिता भी ऐसे ही होने चाहिए।

24 दिसंबर को रिलीज होगी ‘किंग’

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख एक्शन अवतार में नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए शाहरुख और सुहाना पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ दिखाई देंगे।

फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण शाहरुख खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और सिद्धार्थ आनंद की मारफ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर कर रही हैं।

शाहरुख बोले- अब उम्र के हिसाब से निभाना चाहता हूं किरदार, 61 साल का हूं और उतना ही कूल हूं जितना एक उम्रदराज शख्स हो सकता है

‘किंग’ में शाहरुख और सिद्धार्थ आनंद दूसरी बार साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों ने 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ में साथ काम किया था। फिल्म का टाइटल शाहरुख ने 2 नवंबर 2025 को अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर रिवील किया था।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *