योगी बोले- नक्शे से नहीं, दिलों को जोड़ने से बनता है राष्ट्र, काशी तमिल संगमम उत्तर-दक्षिण का सांस्कृतिक सेतु

योगी बोले- नक्शे से नहीं, दिलों को जोड़ने से बनता है राष्ट्र, काशी तमिल संगमम उत्तर-दक्षिण का सांस्कृतिक सेतु

वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र किसी एक नक्शे से नहीं बनता, बल्कि उन पुलों से बनता है, जो एक हृदय को दूसरे हृदय से जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम उत्तर और दक्षिण भारत के बीच ऐसा ही सांस्कृतिक सेतु है, जो सदियों पुराने संबंधों को नई मजबूती दे रहा है। काशी में गंगा बहती है तो तमिलनाडु में कावेरी, लेकिन दोनों के तटों पर बहने वाली संस्कारों की धारा एक ही है। भाषाएं भले ही अनेक हों, लेकिन भाव और संस्कृति एक हैं।

मुख्यमंत्री शनिवार को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को यह आयोजन धरातल पर साकार कर रहा है। वर्ष 2022 में शुरू हुआ काशी तमिल संगमम अब सांस्कृतिक आंदोलन का रूप ले चुका है। शुरुआत में जहां इसमें सैकड़ों अतिथि शामिल होते थे, वहीं अब हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इससे जुड़ रहे हैं।

योगी ने बताया कि इस बार आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पालम’ यानी तिरुक्कुरल का अभ्यास करें रखी गई है। संत तिरुवल्लुवर के विचार पूरी मानवता को जीवन दर्शन प्रदान करते हैं। तिरुक्कुरल के तीन खंड अरम, पोरुल और इनबम धर्म, अर्थ और काम के सिद्धांतों की व्याख्या करते हैं। इस बार एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। तमिलनाडु के करीब 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल का पाठ पढ़ाएंगे। आयोजन में लगभग 1400 अतिथि शामिल होंगे, जिन्हें काशी के साथ प्रयागराज और अयोध्या के दर्शन भी कराए जाएंगे।

काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना

मुख्यमंत्री ने काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि तमिलनाडु में तेनकाशी को दक्षिण की काशी कहा जाता है। आदि वीर पराक्रम पांड्या ने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया था। महर्षि अगस्त्य की तपस्या की स्मृति काशी के अगस्त्य कुंड से जुड़ी हुई है। संत कुमारगुरुपर ने केदार घाट पर साधना की और कुमारस्वामी मठ की स्थापना की। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने भी काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की थी।

उन्होंने कहा कि मट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज पिछले करीब 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ की पूजा सामग्री पहुंचाने की परंपरा निभा रहा है। ये उदाहरण बताते हैं कि काशी और तमिलनाडु का संबंध केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक सीमित नहीं, बल्कि आस्था और परंपराओं की गहरी जड़ों से जुड़ा है।

चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

योगी ने कहा कि काशी में अब आस्था के साथ व्यवस्था भी है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब 70 प्रतिशत श्रद्धालु दक्षिण भारत से आए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है। पुजारियों, दुकानदारों, गाइडों, होटल कारोबारियों और कर्मचारियों समेत हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी को ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था के चार प्रमुख स्तंभों पर वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। सड़क, रेल, हवाई, रोपवे और जलमार्ग से काशी की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के साथ विरासत आधारित पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

चार स्तंभों पर वैश्विक केंद्र बनेगी काशी

मुख्यमंत्री ने काशी के विकास की रूपरेखा बताते हुए कहा कि बीएचयू और आइआइटी मद्रास की साझेदारी से शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा मिल रही है। अध्यात्म के क्षेत्र में काशी, प्रयागराज और अयोध्या का त्रिकोण बड़े आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ के रूप में उभर रहा है।

कनेक्टिविटी के लिए सड़क, रेल, हवाई, रोपवे और जलमार्ग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। देश की पहली शहरी रोपवे परियोजना और दो एलिवेटेड कॉरिडोर की मंजूरी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। वहीं, विरासत आधारित पर्यटन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक संपर्क व्यवस्था के माध्यम से काशी को आर्थिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनाने का लक्ष्य है।

संसद में स्थापित सेंगोल तमिल विरासत का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने नई संसद में स्थापित पवित्र सेंगोल का उल्लेख करते हुए कहा कि तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में इसे सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया। यह भारतीय लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक परंपरा में तमिल विरासत के महत्वपूर्ण स्थान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम जैसे आयोजन देश की विविध भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोने का काम कर रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *