छठ महापर्व को लेकर फल मंडियों में उमड़ी भीड़, खरीदारी से बाजार गुलजार

छठ महापर्व को लेकर फल मंडियों में उमड़ी भीड़, खरीदारी से बाजार गुलजार

पहड़िया मंडी में दिनभर लगा रहा जाम, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए पहुंचे व्यापारी व ग्राहक

वाराणसी (रणभेरी): छठ महापर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व में फलों का विशेष महत्व होने के कारण फल मंडियों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। शनिवार से शुरू होकर सोमवार को संपन्न होने वाले छठ पर्व की तैयारियों के बीच बुधवार को पहड़िया स्थित लाल बहादुर शास्त्री नवीन मंडी में भारी भीड़ रही। फल और पूजन सामग्री की थोक खरीदारी के लिए व्यापारियों के साथ ही बड़ी संख्या में आम ग्राहक भी पहुंचे।

मंडी में खरीदारों के वाहनों के साथ मालवाहक ट्रकों, पिकअप और टेंपो की आवाजाही से दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। कई बार लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। पर्व की तारीख नजदीक आने के साथ गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को मंडी में भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

आफ सीजन आम की भी बाजार में मांग

फल मंडी में इस बार आफ सीजन आम भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। आंध्र प्रदेश से आए तोतापुरी, नीलम परी और लालबाग आम की दो वैरायटी का थोक भाव करीब 160 रुपये किलो चल रहा है। सर्दी के मौसम में आम की उपलब्धता और कीमत ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं केले का घौद करीब 16 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। करीब 20 किलो के एक घौद की बिक्री हो रही है। गागर नींबू का भाव 40 रुपये किलो के आसपास है।

छठ महापर्व को लेकर फल मंडियों में उमड़ी भीड़, खरीदारी से बाजार गुलजार

फल मंडी में इन भावों पर हुई बिक्री

छठ पूजा के लिए जरूरी फलों की खरीदारी के बीच मंडी में आंवला 40 रुपये, सिंघाड़ा 40 रुपये, कन्ना 40 रुपये, केला 16 रुपये, संतरा 30 से 40 रुपये, सेब 80 रुपये, अनार 160 रुपये, सूतनी 60 रुपये और इमली 150 रुपये किलो बिकी। मकोय और करौदा 150 रुपये किलो, हिरमाना 10 रुपये, बंडा 30 रुपये और आंवले की दूसरी किस्म 20 रुपये किलो रही।

इसी तरह रामफल 15 रुपये, सूखा नारियल 50 रुपये, जटा नारियल 40 रुपये, नींबू पांच रुपये, अनानास आठ से 20 रुपये, धतूरा पांच रुपये, गागर 40 रुपये, अमरक पांच रुपये, हरी हल्दी पांच रुपये, चौकतरा 10 रुपये, कदम दो रुपये और कैत 10 रुपये प्रति पीस की दर से बिके।

पूजा मंडी में दउरा-सूप की बढ़ी मांग

पांडेयपुर स्थित पूजा मंडी में भी छठ पूजा की तैयारियों को लेकर खरीदारों की भीड़ जुट रही है। यहां दउरा 180 से 220 रुपये और सूप 70 से 80 रुपये प्रति पीस की दर से बिक रहा है। महावर पांच रुपये और डलिया 40 से 50 रुपये प्रति पीस उपलब्ध है। वहीं नया गुड़ 80 रुपये और नया चावल 60 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। पर्व नजदीक आने के साथ ही फल, दउरा, सूप और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में तेजी आ गई है। बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *