- आस्था के रंग में रंगी काशी, हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ से गूंजा शहर
- राधा-कृष्ण के नृत्य और बनारसी लट्ठबाजी ने मोहा मन
- नमो घाट पर शोभायात्रा सभा में बदली, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव हुए शामिल
वाराणसी (रणभेरी): गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई। हथुआ मार्केट से ठाठ-बाट के साथ निकली भव्य गोवर्धन पूजा शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए शोभायात्रा नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंची। पूरे रास्ते भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम, शिव-पार्वती और श्रीराम की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। ग्वाल-बालों की टोली, बनारसी लट्ठबाजी और पटा बनेठी के रोमांचक प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा। खोजवा से आई माता पार्वती की झांकी विशेष आकर्षण रही। वहीं वृंदावन से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। भोले शंकर के नरमुंड धारण किए स्वरूप और केदारनाथ मंदिर की झांकी को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

आयोजन में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि काशी में गोवर्धन पूजा की परंपरा भव्य रूप से निभाई जा रही है। उन्होंने आयोजन की निरंतर प्रगति की कामना की। धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर उन्होंने कहा कि धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए।

शाम पांच बजे नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम में शोभायात्रा सभा में परिवर्तित हो गई। इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ राज्य मंत्री गिरीश यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दस लोगों को ‘गोवर्धन श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

समिति अध्यक्ष विनोद यादव ने आयोजन के सामाजिक और धार्मिक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि उपाध्यक्ष दिनेश यादव ने रूपरेखा साझा की। उधर, शोभायात्रा के दौरान यातायात का समुचित डायवर्जन नहीं होने से लहुराबीर, मैदागिन और मछोदरी सहित प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
