फेसबुक पर दोस्ती, फिर प्रेम संबंध; विवाद में ईंट से सिर कूचकर महिला की हत्या

फेसबुक पर दोस्ती, फिर प्रेम संबंध; विवाद में ईंट से सिर कूचकर महिला की हत्या

बहन के साथ प्रेमी के कमरे पर पहुंची थी 28 वर्षीय विवाहिता, दोस्त के साथ देखकर भड़का आरोपी; भागते समय लोगों ने दोनों को पकड़ा

(रणभेरी): लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की नाईपुरा कॉलोनी में सोमवार रात एक विवाहिता की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि प्रेमी ने कमरे में अपने दोस्त के साथ महिला को देखकर विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया। चीख-पुकार सुनकर बाहर खड़ी महिला की बहन कमरे में पहुंची तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने भाग रहे आरोपी और उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका की पहचान बुलंदशहर के मलकपुर निवासी पिंकी (28), पत्नी प्रमोद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पिंकी पति और तीन बच्चों के साथ लोनी की नाईपुरा कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी। उसका पति दिवाली पर गांव गया हुआ था। इसी दौरान करीब पांच महीने पहले फेसबुक के जरिए उसकी मुलाकात बुलंदशहर के शेखपुर गढ़वा निवासी पिंटू (33) से हुई थी। दोनों के बीच पहले सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई, फिर मोबाइल पर बात होने लगी। धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।

दोस्त के साथ देखकर हुआ विवाद

बताया गया कि पिंटू ने अपने दोस्त आर्यन गुप्ता उर्फ बंटी (22) के साथ नाईपुरा कॉलोनी में किराये पर कमरा लिया था। दोनों पांच दिन पहले ही वहां रहने आए थे। सोमवार शाम पिंकी अपनी बहन के साथ घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित पिंटू के कमरे पर पहुंची थी। उसकी बहन बाहर रुक गई, जबकि पिंकी कमरे के अंदर चली गई। उस समय कमरे में आर्यन मौजूद था। कुछ देर बाद पिंटू भी वहां पहुंच गया।

फेसबुक पर दोस्ती, फिर प्रेम संबंध; विवाद में ईंट से सिर कूचकर महिला की हत्या

‘पिंटू और आर्यन आरोपी

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी के अनुसार, कमरे में आर्यन के साथ पिंकी को देखकर पिंटू का उससे विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में पिंटू ने दरवाजे के पास रखी ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।

बैग लेकर भाग रहा था आरोपी

किरायेदार प्रतीक त्यागी के मुताबिक, वारदात के बाद पिंटू बैग लेकर कमरे से बाहर भागने लगा। बाहर खड़ी पिंकी की बहन को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। वह कमरे में पहुंची तो पिंकी को खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने भाग रहे पिंटू और उसके दोस्त आर्यन को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि इंद्रापुरी चौकी पर महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *