मदीना में मंगलवार सुबह हुआ हादसा, 11 हजार वोल्ट का पोल टूटकर गिरा; बाल-बाल बचीं ऑटो सवार महिलाएं
(रणभेरी): घोसी कोतवाली क्षेत्र के मदीना में मंगलवार सुबह चालक को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में टेंपो सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं। गनीमत रही कि बिजली का पोल ऑटो पर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे सिपाह से घोसी के कारीसाथ में एक मैयत में शामिल होने के लिए महिलाएं ऑटो से जा रही थीं। मदीना के पास पहुंचते ही चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई। इससे उसका टेंपो से नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर से पोल टूटकर धराशायी हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो को सीधा कराया और उसमें फंसी महिलाओं को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय ने बताया कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। हादसे में तीन महिलाएं घायल हुई हैं। पोल ऑटो पर नहीं गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया।
