(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आईटी प्रोफेशनल वैभव मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई अन्य लोगों को भी धमकी भरे ई-मेल और ऑडियो मैसेज भेजे थे। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस गैंग से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि उसने गैंग का नाम इस्तेमाल कर फिल्मी सितारों को डराने और उनसे करोड़ों रुपये वसूलने की कोशिश की थी।
तुषार कपूर से मांगे थे पांच करोड़ रुपये
मामले में मंगलवार को अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने की जानकारी सामने आई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था और अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। पुलिस ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग को जांच के लिए भेजा।
आवाज के मिलान में खुला फर्जीवाड़ा
क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच करते हुए उसमें मौजूद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली। इससे पुलिस को आशंका हुई कि कॉल करने वाला व्यक्ति गैंग का सदस्य नहीं, बल्कि उसका नाम इस्तेमाल कर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी वैभव मिश्रा की पहचान की और उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को धमकी भरे संदेश भेजे और इस कथित फिरौती वसूली की कोशिश में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
