चार नवंबर को बापूधाम एक्सप्रेस डेढ़ घंटे नियंत्रित होकर चलेगी, रेलखंड पर होगा इंजीनियरिंग कार्य
वाराणसी (रणभेरी): आगामी पर्वों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। आनंद विहार टर्मिनल से छपरा और चंडीगढ़ से पटना के बीच विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। आनंद विहार-छपरा स्पेशल का संचालन मंगलवार से शुरू हो गया है। यह ट्रेन 17 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी। वहीं, चंडीगढ़-पटना स्पेशल का भी संचालन छह और सात नवंबर को किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 04058 आनंद विहार टर्मिनल से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रात 12:20 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन और ज्ञानपुर रोड होते हुए दूसरे दिन दोपहर 1:15 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद छपरा के लिए रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04057 छपरा से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रात 10:10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन तड़के 3:35 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी।
चंडीगढ़-पटना स्पेशल छह नवंबर से
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के अनुसार, गाड़ी संख्या 04510 छह नवंबर को चंडीगढ़ से रात 10 बजे रवाना होगी। अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, उतरेटिया जंक्शन और सुल्तानपुर में ठहराव लेते हुए अगले दिन शाम 4:35 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। यहां से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए रात 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04509 सात नवंबर को पटना से रात 11:15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 4:40 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएगी।
डेढ़ घंटे नियंत्रित होकर चलेगी बापूधाम एक्सप्रेस
नरकटियागंज-वाल्मीकिनगर रोड रेलखंड के खरपोखरा-बगहा के बीच इकहरी रेललाइन पर इंजीनियरिंग कार्य कराया जाएगा। इसके लिए चार नवंबर को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते प्रयागराज जंक्शन से मुजफ्फरपुर जाने वाली बापूधाम एक्सप्रेस को गोरखपुर कैंट और पनियहवा स्टेशन के बीच 90 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। इससे ट्रेन के परिचालन पर असर पड़ने की संभावना है।
