रोहनिया में 505 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद

रोहनिया में 505 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद

वाराणसी (रणभेरी): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनिया पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 505 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 520 रुपये नकद और एक पल्सर बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन और एसीपी रोहनिया के नेतृत्व में संयुक्त टीम अखरी बाईपास स्थित श्रीराज लक्ष्मी मैरेज लॉन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अखरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान चंद्रभूषण यादव (25) निवासी जोगिनी, थाना करमा, जनपद सोनभद्र के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 505 ग्राम हेरोइन, 520 रुपये नकद और एक पल्सर बाइक बरामद हुई।

थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *