वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बनारस स्टेशन पर संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बनारस स्टेशन स्थित कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रूफटॉप ड्यूटी के जरिए प्रभावी निगरानी रखने और ड्रोन से भी नजर बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही होटल, ढाबों और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन चेकिंग कर वहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों पर विचार करने और पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सुरक्षा प्रबंधों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार और पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों को दुरुस्त किया जा रहा है।
