25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर यातायात पुलिस ने जारी की रूट डायवर्जन व्यवस्था, बसों, ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रहेगी रोक
वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा रोडवेज और निजी बसों के रूट डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि निर्धारित क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी रोक रहेगी।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से जारी प्रेस नोट संख्या 38/2026 के अनुसार, वीवीआईपी आगमन से पहले ही कई मार्गों पर प्रतिबंध लागू कर दिए जाएंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और कार्यक्रम क्षेत्र की ओर जाने से पहले यातायात संबंधी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
बसों के प्रवेश पर रहेगी रोक, वैकल्पिक मार्गों से होगा आवागमन
बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले से कार्यक्रम समाप्त होने तक हरहुआ ओवरब्रिज पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड, बावनबीघा और संदहा अंडरपास से वापस किया जाएगा। वहीं, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर से आने वाली बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों को टिकाना ढाबा और मोहनसराय से वापस भेजा जाएगा। भदोही से आने वाली बसों को परमपुर/सजोई अंडरपास से वापस किया जाएगा।
शहर के कई प्रमुख चौराहों पर नो-एंट्री
वीवीआईपी आगमन से एक घंटे पहले शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। गिलट बाजार तिराहे से पुलिस लाइन चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा और उन्हें शिवपुर चुंगी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सेंट्रल जेल तिराहे से जेपी मेहता तिराहे की ओर भी नो-एंट्री रहेगी।
संदहा अंडरपास से पुलिस लाइन की तरफ जाने वाले वाहनों को रिंग रोड की ओर भेजा जाएगा। काली माता चौराहे और पांडेयपुर चौराहे से पुलिस लाइन की ओर भी आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अतिरिक्त पांडेयपुर, पंचकोसी, कज्जाकपुरा ओवरब्रिज, गोलगड्डा, लहरतारा, आंगनबाड़ी, अमर उजाला तिराहा, तैलियाबाग तिराहा, लकड़ीमंडी, नमोघाट, लाट भैरव पुलिस चौकी, भदऊ चुंगी और विश्वेश्वरगंज तिराहे सहित विभिन्न स्थानों से नमोघाट एवं गोलगड्डा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
सुबह आठ बजे से ऑटो और ई-रिक्शा पर प्रतिबंध
यातायात एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक निर्धारित मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। अम्बेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार क्षेत्र में इन वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस लाइन से पांडेयपुर, चौकाघाट चौराहा, गोलगड्डा और राजघाट तक भी ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर रोक रहेगी।
सूजाबाद (पड़ाव) से चौकाघाट की ओर ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। इस मार्ग के लिए संदहा रिंग रोड, बलुआ पुल/विश्वसुंदरी पुल और टेंगरा मोड़ को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है।
राजघाट पुल पर मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री
राजघाट पुल पर सुबह सात बजे से सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले पुल पर वाहनों के साथ-साथ पैदल आवागमन भी पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
आमजन से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से वीवीआईपी कार्यक्रम क्षेत्र की ओर जाने से बचें। जरूरी होने पर पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
यातायात संबंधी सहायता के लिए संपर्क करें:
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: +91 7839856994
ट्रैफिक हेल्पलाइन: +91 7317202020
