मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान मारपीट

मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान मारपीट

लाठी-डंडों से पीटकर किया बेहोश, छह नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी (रणभेरी): चौक थाना क्षेत्र के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। मारपीट में घायल युवक अभिषेक सिंह बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंदौली के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह नौ अक्टूबर को अपने बहनोई स्व. बंशनारायण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने मणिकर्णिका घाट पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके भांजे अभिषेक सिंह निवासी गोपपुर, चोलापुर को कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।

रमेश सिंह की तहरीर पर चौक थाने में ऋषिकेश चौधरी निवासी जंसा, बादल चौधरी निवासी रामेश्वरम, जंसा, गोलू, शनि चौधरी निवासी मीरघाट, गुड्डू चौधरी निवासी बड़ी गैबी और अनिल निवासी मीरघाट समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है। इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *