वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब 4 बजे आजमगढ़ से वाराणसी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वाराणसी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले वरुणा नदी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद गंगा नदी के आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का भी जायजा लिया जाएगा। इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र झा समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे।

बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की लेंगे जानकारी
हवाई निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं।
राहत शिविर में पहुंचकर प्रभावित लोगों से करेंगे संवाद
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां बनाए गए बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण करेंगे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद भी करेंगे। इस दौरान वह प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें राहत सामग्री वितरित करेंगे।
काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन
राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के अगले चरण में काल भैरव मंदिर और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। दोनों मंदिरों में मुख्यमंत्री दर्शन-पूजन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वाराणसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिए वह लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
