वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सरस्वती पूजन एवं बसंतोत्सव के पावन अवसर पर विभिन्न संकायों द्वारा भव्य झांकियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा विश्वविद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

इस मौके पर भारत अध्ययन केंद्र, बीएचयू में कार्यरत अमित कुमार पांडे ने बताया कि आज विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस भी है, जिसे सरस्वती पूजन और बसंतोत्सव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बसंत के आगमन के स्वागत में छात्र-छात्राओं द्वारा नृत्य, संगीत और रंग-बिरंगी झांकियों के माध्यम से उल्लासपूर्ण प्रस्तुति दी जा रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि झांकियों की शुरुआत कला संकाय से हुई, जिसके बाद विश्वविद्यालय के सभी संकायों की झांकियां क्रमशः निकाली गईं। प्रत्येक संकाय की झांकी को उसकी विषय-वस्तु, पहचान और शैक्षणिक विशेषताओं के अनुरूप रंग, रूप और स्वरूप प्रदान किया गया था। इन झांकियों में जहां एक ओर शैक्षणिक विविधता की झलक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक-कलाओं का जीवंत प्रदर्शन भी हुआ।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों ने भी बसंतोत्सव की इस परंपरा में सक्रिय भागीदारी निभाई। रंगों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन ने बीएचयू की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर सजीव कर दिया।

