वाराणसी (रणभेरी): रंगभरी एकादशी के अवसर पर बाबा के दर्शन के लिए प्रयागराज से काशी आ रहे श्रद्धालुओं की कार शुक्रवार को रूपापुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में कार सवार चार लोगों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज के नैनी क्षेत्र निवासी देवांश पांडे (उर्फ देव) अपनी बहन शालिनी पांडे और दो मित्रों के साथ वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए निकले थे। रास्ते में रूपापुर के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के उपरांत सभी को घर जाने की अनुमति दे दी गई। देवांश और उनकी बहन को हल्की चोटें आईं, जबकि साथ मौजूद दोनों युवकों को मामूली खरोंचें आईं।

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फरार ट्रक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है।दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आवागमन सामान्य करा दिया।
