वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम आज 23 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। बोर्ड की ओर से शाम करीब चार बजे परिणाम जारी किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। परिणाम की घोषणा शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव तथा बोर्ड सचिव भगवती सिंह के स्तर से की जाएगी।
इस वर्ष जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। हाईस्कूल वर्ग में लगभग 46,300 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न हुईं। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई।
परीक्षा संचालन के दौरान प्रशासन ने सख्त व्यवस्था लागू की थी। जिले में 8 जोनल मजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 117 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर बाह्य और आंतरिक केंद्र व्यवस्थापकों की नियुक्ति कर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तर पर एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम की स्थापना की गई थी। यह कंट्रोल रूम पीएम श्री क्वींस कॉलेज परिसर में बनाया गया, जहां से 24 घंटे परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम पर नजर रखी जाती रही। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह व्यवस्था लगातार सक्रिय रही, जिससे परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
प्रशासन का कहना है कि इस बार परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई हैं। अब परीक्षार्थियों और अभिभावकों की निगाहें आज घोषित होने वाले परिणामों पर टिकी हैं। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर ही परिणाम देखें और किसी भी अफवाह से बचें।
