काशी की छात्रा ने रचा इतिहास: 5555 अनोखे ‘ॐ’ चित्र बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

काशी की छात्रा ने रचा इतिहास: 5555 अनोखे ‘ॐ’ चित्र बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

वाराणसी (रणभेरी): काशी की एक छात्रा ने अपनी अनूठी कला और एकाग्र साधना से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पाणिनि कन्या महाविद्यालय (तुलसीपुर, महमूरगंज) की कक्षा 10वीं की छात्रा कुमारी स्वर्णा निगम ने 5555 अलग-अलग शैली में ‘ॐ’ के चित्र तैयार कर ‘यूरेशिया वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराया है। यह उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ शहर और देश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

काशी की छात्रा ने रचा इतिहास: 5555 अनोखे ‘ॐ’ चित्र बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

एक साल की मेहनत से बना कीर्तिमान

बताया गया कि स्वर्णा ने लगभग एक वर्ष तक लगातार अभ्यास और अनुशासन के साथ इस विशेष परियोजना पर काम किया। उनकी बनाई सभी 5555 कलाकृतियाँ आकार, रंग, रेखांकन और भाव के स्तर पर एक-दूसरे से अलग हैं। प्रत्येक चित्र में ‘ॐ’ की आध्यात्मिक भावना को अलग शैली में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

विद्यालय परिसर में हुआ समारोह

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में पाणिनि कन्या महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शनी और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विभिन्न सामाजिक और औद्योगिक संगठनों से जुड़े कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

काशी की छात्रा ने रचा इतिहास: 5555 अनोखे ‘ॐ’ चित्र बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

मुख्य अतिथि ने दी बधाई

समारोह में मुख्य अतिथि ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे दुर्लभ और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग रूपों में ‘ॐ’ को देखना एक आध्यात्मिक अनुभव जैसा है और यह काशी के लिए गौरवपूर्ण क्षण है।

गुरुकुल शिक्षा का परिणाम

महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संस्थान में पारंपरिक शिक्षा के साथ कला और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी वातावरण और मार्गदर्शन का परिणाम है कि छात्राएँ रचनात्मक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर रही हैं।इस अनूठी उपलब्धि के बाद काशी में खुशी और गर्व का माहौल है, वहीं स्वर्णा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *