वाराणसी में सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से किया रेप: प्रेग्नेंट होने पर दी दवा, मुकदमे के 27 दिन बाद गिरफ्तार

वाराणसी में सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से किया रेप: प्रेग्नेंट होने पर दी दवा, मुकदमे के 27 दिन बाद गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म और उसे अपने साथ ले जाने के आरोप में पुलिस ने उसके सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। करीब 27 दिन तक चली तलाश के बाद पुलिस ने गुरुवार तड़के उसे लालपुर चट्टी के पास नहर के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पकड़ा गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी की भी जांच की जा रही है।

किशोरी के गर्भवती होने पर खुला मामला

पुलिस के अनुसार, मिर्जामुराद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपनी करीब 15 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। महिला ने पुलिस को बताया कि किशोरी उसके साथ रहती थी। आरोप है कि उसका सौतेला पिता लंबे समय से किशोरी पर गलत नजर रखता था।

परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। जांच में करीब एक महीने का गर्भ होने की बात पता चली। इसके बाद मां ने बेटी से इस बारे में पूछताछ की। आरोप है कि किशोरी ने तब अपने सौतेले पिता पर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया। किशोरी ने कथित तौर पर बताया कि आरोपी उसे किसी को घटना के बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। इसके चलते वह लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बता सकी।

गर्भपात की दवा देने का भी आरोप

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि किशोरी को गर्भपात कराने के लिए दवा दी गई थी। दवा लेने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जब मां ने आरोपी से इस संबंध में सवाल किया तो आरोप है कि उसे भी धमकाया गया।
इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के आदेश पर 7 अगस्त को मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरी की तलाश के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।

किशोरी को साथ लेकर चला गया था आरोपी

पुलिस जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी कथित तौर पर किशोरी को अपने साथ लेकर कहीं चला गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस ने आरोपी और किशोरी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।
पुलिस की सर्विलांस टीम ने मोबाइल और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की। साथ ही स्थानीय स्तर पर मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

तड़के नहर के पास से दबोचा

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार काम कर रही थी। सर्विलांस और तकनीकी टीम के साथ मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान आरोपी के लालपुर चट्टी के आसपास होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब चार बजे लालपुर चट्टी के पास नहर के किनारे घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों, किशोरी की बरामदगी, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है। मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *