वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने अपने पूर्व पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि तलाक के बाद भी उसका पूर्व पति लगातार सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और भद्दी टिप्पणियां कर उसे परेशान कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
महिला कांस्टेबल के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2018 में आजमगढ़ निवासी राजबहादुर से हुई थी। वर्ष 2020 में बेटे के जन्म के बाद पति का व्यवहार बदल गया और वह बच्चे को अनाथालय में रखने की बात कहकर अक्सर विवाद करने लगा। लगातार झगड़ों से परेशान होकर महिला मायके आकर रहने लगी।
2023 में जबरदस्ती का आरोप
महिला ने बताया कि 2023 में जब वह वाराणसी के जंसा थाने में तैनात थी, उसी दौरान उसका पति घर पहुंचा और दो दिन तक वहीं रहा। इस दौरान उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने ब्लेड से हाथ काटकर हमला कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में समझौता कराया गया था।
जनवरी 2026 में हुआ तलाक
महिला ने आगे बताया कि उसने 2025 में मऊ कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसे जनवरी 2026 में मंजूरी मिल गई। तलाक के बाद से ही आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट कर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एडीसीपी वरुणा को दी गई शिकायत के आधार पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(2) और 356(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आजमगढ़ में टीम भेजी गई है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
