वाराणसी (रणभेरी): शहर के सिगरा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर और प्रीपेड प्रणाली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की स्पष्ट सहमति के बिना स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में बदल रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना था कि इस व्यवस्था के जरिए उपभोक्ताओं से अनुचित वसूली की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि बिजली बिलों में अनियमितता देखने को मिल रही है और मामूली बकाया पर भी बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही सरकार पर अपने वादों से पीछे हटने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो कार्यकर्ता आमरण अनशन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
