वाराणसी में बड़ा हादसा: चलती गाड़ी से कूदने पर महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

वाराणसी में बड़ा हादसा: चलती गाड़ी से कूदने पर महिला की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहुआ–पांचोशिवाला पंचक्रोशी मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात महिला की जान चली गई। चलती सवारी गाड़ी से नीचे कूदने के कारण महिला को सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरहुआ चौराहे की ओर से यात्रियों को लेकर एक मैजिक सवारी वाहन पांचोशिवाला की दिशा में जा रहा था। पंचक्रोशी मार्ग पर पांचोशिवाला के समीप अचानक वाहन में सवार एक महिला ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। सड़क पर गिरते ही महिला के सिर में गहरी चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

घटना के बाद कुछ ही क्षणों में महिला ने दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोग जब तक स्थिति को समझ पाते और सहायता के लिए आगे बढ़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला कहां की रहने वाली थी और वह किस उद्देश्य से यात्रा कर रही थी। महिला के चलती गाड़ी से कूदने के कारणों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि महिला वाहन से उतरना चाह रही होगी। संभव है कि उसने चालक से गाड़ी रोकने को कहा हो, लेकिन वाहन न रुकने पर घबराहट या जल्दबाजी में उसने छलांग लगा दी हो। हालांकि, यह केवल आशंका है और वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।

इस संबंध में बड़ागांव थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान के लिए महिला की तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई है। वहीं, फरार वाहन चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *