वयोश्री योजना शिविर में बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित

वयोश्री योजना शिविर में बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित

रोहनिया क्षेत्र में आयोजित शिविर में श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर व अन्य उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर दिखी खुशी

वाराणसी (रणभेरी)। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत रोहनिया क्षेत्र में सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सीआरसी वाराणसी (भारत सरकार), प्रधानमंत्री दिव्यांग सहायता केंद्र (पीएमडीके) वाराणसी तथा दिव्य समाज व महिला एवं दिव्यांग उत्थान सेवा ट्रस्ट के सहयोग से मंगलम वाटिका, सराय डगरी (टिकरी) में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष कुमार झा ने किया। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनकी दैनिक जीवन की चुनौतियों को कम करना है।


मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल का काम करते हैं। शिविर में 303 पात्र वरिष्ठ नागरिकों को श्रवण यंत्र, छड़ी, वॉकर और व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, भाजपा नेता सुधीर मिश्रा, भावेश सेठ और उत्तम ओझा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। लगभग 500 लोगों की भागीदारी से शिविर सफल रहा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *