तिरंगे के अपमान का आरोप: हार्दिक पंड्या के खिलाफ बेंगलुरु में शिकायत, वायरल वीडियो बना आधार

तिरंगे के अपमान का आरोप: हार्दिक पंड्या के खिलाफ बेंगलुरु में शिकायत, वायरल वीडियो बना आधार

(रणभेरी) :टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या विवादों में घिर गए हैं। उन पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा मामला सामने आया है। इस संबंध में बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दी गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि भारत की जीत के बाद जश्न के दौरान पंड्या ने तिरंगे की गरिमा का उचित ध्यान नहीं रखा।

वायरल वीडियो को बनाया आधार

शिकायतकर्ता के मुताबिक, फाइनल जीत के बाद मैदान पर जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें एक वीडियो में हार्दिक पंड्या अपने कंधों पर तिरंगा ओढ़े हुए मैदान में नाचते और दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान एक अन्य दृश्य में वह मंच पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए भी दिखे, जबकि उस समय भी उनके कंधों पर राष्ट्रीय ध्वज था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह तिरंगे को ओढ़े हुए लेटना राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ माना जा सकता है।

राष्ट्रीय सम्मान कानून का दिया हवाला

वकील वाजिद खान बिडकर ने अपनी शिकायत में द प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 का हवाला दिया है। उनके अनुसार इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान का सम्मान बनाए रखना अनिवार्य है। कानून की धारा 2 के मुताबिक तिरंगे का अपमान, उसे अनुचित तरीके से इस्तेमाल करना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय अपराध माना जाता है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

तिरंगे के अपमान का आरोप: हार्दिक पंड्या के खिलाफ बेंगलुरु में शिकायत, वायरल वीडियो बना आधार

पुलिस ने शिकायत स्वीकार की

शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना गुजरात के अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत देश के किसी भी हिस्से में दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी उन्हें सौंप दी।

न्यूजीलैंड को हराकर भारत बना चैंपियन

टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप ट्रॉफी हासिल की। भारत इससे पहले 2007 और 2024 में भी यह खिताब जीत चुका है। खास बात यह रही कि इस बार टीम इंडिया ने अपने ही देश में खेले गए टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी बनाया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *