कोरबा में हैवानियत की हद: पत्नी की हत्या के बाद कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा पति, चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

कोरबा में हैवानियत की हद: पत्नी की हत्या के बाद कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा पति, चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

(रणभेरी) : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के एक गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

शराब के दौरान बढ़ा विवाद, बना जानलेवा

जानकारी के मुताबिक, घटना बालको नगर थाना क्षेत्र के बुंदेली गांव की है। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि पत्नी अक्सर पति के चरित्र पर शक करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। घटना वाले दिन भी पहले कहासुनी हुई और बाद में शाम को दोनों साथ बैठे थे। इसी दौरान विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद भी नहीं थमा गुस्सा

वारदात के बाद आरोपी का व्यवहार और भी डरावना हो गया। उसने पत्नी का कटा सिर एक बोरी में रखा और मोटरसाइकिल से गांव में निकल पड़ा। रास्ते में लोगों को खुद ही घटना की जानकारी देता रहा, जिससे लोग सहम गए। बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर उसने बोरी खोलकर लोगों को सिर भी दिखाया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। इस दिल दहला देने वाली घटना का सबसे ज्यादा असर परिवार के बच्चों पर पड़ा है। चार छोटे बच्चे अब मां के साए से वंचित हो गए हैं, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *