आजमगढ़: सरायमीर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, चालक फरार

आजमगढ़: सरायमीर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, चालक फरार

(रणभेरी): आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। छित्तू पट्टी गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मृतकों की पहचान चककोट खानकाह गांव निवासी 27 वर्षीय मिथलेश यादव और गाहूखोर हसनपुर निवासी 25 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मिथलेश यादव अपने एक रिश्तेदार से मिलने संजरपुर बाजार स्थित एक निजी नर्सिंग होम जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ सचिन कुमार बाइक चला रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात लगभग एक बजे जब दोनों युवक छित्तू पट्टी गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मिथलेश यादव परिवार में सबसे छोटे थे और एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वहीं सचिन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और पेशे से वाहन चलाने का काम करते थे। दोनों युवकों की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *