वाराणसी (रणभेरी): नीट परीक्षा विवाद और छात्रों की मांगों को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों में विरोध-प्रदर्शन किया। दिल्ली में संसद परिसर से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकाल रहे समाजवादी पार्टी के सांसदों को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक लिया। पार्टी का आरोप है कि सांसद डिंपल यादव समेत कई सांसदों को हिरासत में लिया गया।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस पर आधिकारिक बयान का इंतजार है।समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सांसदों को रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी ने इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया।

अखिलेश बोले- छात्रों की आवाज दबाई जा रही
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी के सांसदों को पुलिस थाने में बैठाकर रखा गया, जबकि बाहर छात्रों के साथ बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर युवाओं की समस्याओं को अनदेखा करने का आरोप लगाया और कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें रोका जा रहा है।
यूपी के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। राजधानी लखनऊ में विधानसभा की ओर बढ़ रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके विरोध में कई कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालना चाहते थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

वाराणसी में पुलिस और सपाइयों के बीच धक्का-मुक्की
वाराणसी में भी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका, जिसके बाद कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
BHU में छात्रों का प्रदर्शन तेज
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। विभिन्न संकायों के छात्र बड़ी संख्या में एकत्र हुए और विश्वविद्यालय परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर से मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
कुछ छात्र विरोध जताने के लिए परिसर में लगे ऊंचे पोल पर भी चढ़ गए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। हालात को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट का अतिरिक्त बल विश्वविद्यालय परिसर में तैनात किया गया।
छात्रों का दावा- किसी संगठन ने नहीं जुटाई भीड़
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम नहीं है। उनका दावा है कि छात्र अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर स्वतः एकजुट हुए हैं। उनका कहना है कि वे पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और अपनी मांगों के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं।
फिलहाल दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश के कई शहरों तक विरोध-प्रदर्शन जारी है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं, प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
