वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की जान चली गई। घटना आजमगढ़ हाईवे स्थित दानगंज बाजार के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कंक्रीट मिक्सर वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय साइकिल पर पीछे बैठा उसका रिश्तेदार समय रहते कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चोलापुर क्षेत्र के जैरामपुर सरैया निवासी नखरु राजभर उर्फ कल्लू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने ससुराल पहाड़पुर गांव आए हुए थे। गुरुवार सुबह वह अपने एक रिश्तेदार के साथ साइकिल से दानगंज बाजार किसी जरूरी काम से जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाजार के समीप पहुंचते ही किसी कारणवश साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। पीछे बैठा रिश्तेदार तुरंत उछलकर सड़क से हट गया, लेकिन नखरु राजभर संभल नहीं सके और सड़क पर ही गिर गए। उसी दौरान वाराणसी की ओर से आजमगढ़ जा रहा कंक्रीट मिक्सर वाहन उनके ऊपर से गुजर गया। टक्कर और वाहन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
मृतक नखरु राजभर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। वह ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी पुम्मी देवी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। सभी बच्चे गांव के विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाना आवश्यक है।
