तेज रफ्तार थार डिवाइडर पर चढ़ी

तेज रफ्तार थार डिवाइडर पर चढ़ी

कमच्छा में देर रात अनियंत्रित हुई बिहार नंबर की थार, राहगीरों की सूझबूझ और संयोग से टली जनहानि

वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा इलाके में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। संयोगवश उस समय कोई राहगीर वाहन की चपेट में नहीं आया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिहार नंबर बीआर 26 एसी 5131 की थार तेज गति से कमच्छा मार्ग से गुजर रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन में सवार लोग नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे और वाहन लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। यदि वाहन डिवाइडर पर चढ़ने के बजाय सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर मुड़ जाता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि चालक और वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *