वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित दौरे को लेकर Varanasi में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने देर रात शहर पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने बीएलडब्ल्यू परिसर का निरीक्षण किया, जहां प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम आयोजित होने हैं।
मुख्यमंत्री ने पीएम के रूट प्लान, जनसभा स्थल और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास से जुड़ी रूपरेखा पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित समितियों से संवाद किया।

महिला सम्मेलन की विशेष तैयारी
28 अप्रैल को बरेका परिसर में आयोजित होने वाले महिला सम्मेलन को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, छाया, कूलर, पंखे और मिस्ट जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों के लिए सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।

विकास कार्यों की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने शहर में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को तेज करने और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, शहर में आवारा पशुओं और स्ट्रीट डॉग्स की समस्या के समाधान के लिए उन्हें आश्रय स्थलों में व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन अब प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।
