अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा: 112 किलो नशीला पदार्थ बरामद, महिला समेत पांच गिरफ्तार

अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा: 112 किलो नशीला पदार्थ बरामद, महिला समेत पांच गिरफ्तार

(रणभेरी): जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को बबुरी और मुगलसराय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए करीब 112 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया। इस दौरान एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया।

पिकअप वाहन से भारी खेप बरामद

एसपी के अनुसार, बबुरी थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने अशोक इंटर कॉलेज के पास नहर पुलिया पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार्टन के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से 103.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों शत्रुघन चौहान (37) और शिवप्रधान (40), निवासी रायगढ़, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर वाराणसी और मिर्जापुर में ऊंची कीमत पर बेचते थे।

दूसरी कार्रवाई में कार से गांजा जब्त

एक अन्य कार्रवाई में मुगलसराय थाना पुलिस ने जीटी रोड पर स्थित एक अस्पताल के पास चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार को रोका। पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार से 8.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

इस मामले में हेमंत कुमार सरोज (प्रतापगढ़), राहुल तिवारी (बक्सर, बिहार) और मंजू देवी (गया, बिहार) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर वाराणसी क्षेत्र में छोटे-छोटे हिस्सों में इसकी सप्लाई करते थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *