वाराणसी (रणभेरी): राजातालाब तहसील क्षेत्र के बारहडीह गांव में संचालित एक ईंट भट्ठे पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। जांच में भट्ठा बिना जरूरी अनुमति और वैध कागजात के संचालित पाया गया।
शिकायत मिलने के बाद उप जिलाधिकारी राजातालाब अपनी प्रशासनिक टीम के साथ बारहडीह गांव स्थित ‘वरुण सागर ईंट उद्योग’ पहुंचे और मौके पर जांच कराई। जांच के दौरान भट्ठा संचालक से संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि भट्ठे के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आवश्यक प्रमाणपत्र भी नहीं था और न ही अन्य जरूरी अनुमतियां उपलब्ध कराई जा सकीं। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल भट्ठे को सीज करने का आदेश दे दिया।

कार्रवाई के दौरान दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने भट्ठे में पानी डालकर जल रही आग को बुझाया, जिससे उसका संचालन तुरंत प्रभाव से बंद कराया जा सके।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और प्रशासनिक टीम को सहयोग करती रही। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति और नियमों के विपरीत चल रहे किसी भी औद्योगिक कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अन्य ईंट भट्ठों के संचालकों में भी हलचल देखी जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसी इकाइयों की जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
