- महापौर और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
- सफाई से लेकर रोशनी और चेंजिंग रूम तक होंगे पुख्ता इंतजाम
- दलदल और फिसलन वाले स्थानों पर बिछेंगी बालू की बोरियां, छुट्टा पशुओं के प्रवेश पर लगेगी रोक
वाराणसी (रणभेरी)। डाला छठ और देव दीपावली से पहले काशी के घाटों को श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने की कवायद तेज हो गई है। दोनों प्रमुख पर्वों पर गंगा घाटों और कुंडों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को घाटों से लेकर तालाबों तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और निर्धारित समय के भीतर सभी काम पूरे कराने के निर्देश दिए हैं।
खास तौर पर बाढ़ के बाद घाटों पर जमा गाद, दलदल और फिसलन वाले स्थानों को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नमो घाट से सामने घाट तक, रामनगर क्षेत्र, वरुणा नदी के पक्के घाटों और शहर के सभी कुंडों एवं तालाबों का बारीकी से निरीक्षण कर सफाई और मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर जहां भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल दूर कराया जाए।

पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि बाढ़ के बाद घाटों की स्थिति और छठ व देव दीपावली पर संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। व्रती महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। वहीं, नगर निगम का आलोक विभाग घाटों और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करेगा। अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, ताकि रात और भोर के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
घाटों पर दलदल और फिसलन वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बालू से भरी बोरियां रखी जाएंगी। इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को गंगा किनारे पहुंचने में सहूलियत मिलेगी और फिसलकर गिरने की आशंका कम होगी। इसके अलावा घाटों पर छुट्टा पशुओं के विचरण पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं पशु घूमते मिले तो उन्हें पकड़कर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त ने सभी अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया है।
जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नाव और पैदल गश्त के माध्यम से घाटों की सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि सफाई, मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम का दावा है कि पर्वों से पहले घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
