काशी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संकटमोचन और बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा

काशी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संकटमोचन और बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा

मिर्जापुर में रात्रि प्रवास के बाद मां विंध्यवासिनी के करेंगे दर्शन, पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

वाराणसी (रणभेरी): भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम वायुसेना के विमान से वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद राजनाथ सिंह शहर के लिए रवाना हो गए।

एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में रक्षा मंत्री ने क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत पार्टी के कई पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कुछ करीबियों से भी देर तक बातचीत की। स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विपिन सिंह, आशुतोष सिंह और शैलेश पांडेय समेत कई नेता मौजूद रहे।

काशी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संकटमोचन और बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका माथा

संकटमोचन में दर्शन, बाबा विश्वनाथ का किया जलाभिषेक

वाराणसी पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह सर्किट हाउस गए। यहां से वह संकटमोचन मंदिर पहुंचे और बजरंगबली का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने हनुमान जी के सामने माथा टेककर लोक कल्याण की कामना की। मंदिर के मुख्य महंत विशंभरनाथ मिश्र ने उन्हें संकल्प दिलाया और मंदिर की परिक्रमा कराई।

इसके बाद रक्षा मंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया। इस दौरान उन्होंने जनकल्याण और लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद राजनाथ सिंह ने बाबा कालभैरव के दरबार में भी हाजिरी लगाई। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। पूजा के बाद रक्षा मंत्री की कलाई पर काला धागा बांधा गया।

तीनों प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद राजनाथ सिंह मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए। वह वहां रात्रि प्रवास करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। रविवार सुबह मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के साथ उनके श्रृंगार में शामिल होने के बाद वाराणसी लौटने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

पीएम के कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खोचवां स्थित अरविंद टेक्सटाइल्स इकाई में प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक फ्लीट रिहर्सल किया गया। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट रहीं।

प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरते ही आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद एसपीजी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग समेत अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पांच हेलीपैड तैयार, एसपीजी ने संभाली सुरक्षा

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए बसमत्ती देवी संकठा प्रसाद महिला पीजी कॉलेज के पीछे तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। वहीं, जनता इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के लिए दो हेलीपैड तैयार किए गए हैं।

एसपीजी ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था अपने नियंत्रण में ले ली है। बम निरोधक दस्ते और अन्य जांच एजेंसियों ने परिसर की गहन जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें भी तैनात की गई हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का जोर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने पर है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *